जामिया मिलिया में कैसे मिलेगा एडमिशन? आ गया नोटिस, शुरू कर दें इस परीक्षा की तैयारी
नई दिल्ली (JMI Admission 2026). जामिया मिलिया इस्लामिया ने शैक्षणिक सत्र 2026 के लिए स्नातक पाठ्यक्रमों में एडमिशन की प्रक्रिया का ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. पिछले कुछ सालों की तरह इस बार भी जामिया अपने कुछ चुनिंदा कोर्सेज के लिए कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET) स्कोर ही स्वीकार करेगा. जामिया मिलिया इस्लामिया के नोटिफिकेशन के अनुसार, इस साल लैंग्वेज कोर्सेज में सीयूईटी रिजल्ट के आधार पर ही एडमिशन मिलेगा.
शिक्षा के क्षेत्र में खास पहचान रखने वाला जामिया मिलिया इस्लामिया अपनी एडमिशन पॉलिसी को लेकर हमेशा चर्चा में रहता है. 2026 एडमिशन नोटिफिकेशन के अनुसार, स्टूडेंट्स के लिए केवल CUET परीक्षा पास करना ही काफी नहीं होगा, बल्कि उन्हें जामिया के आधिकारिक पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन भी कराना होगा. जानिए उन सभी प्रमुख भाषा पाठ्यक्रमों और एडमिशन शर्तों के बारे में, जो आगामी सेशन के लिए निर्धारित की गई हैं. इससे स्टूडेंट्स समय रहते तैयारी और आवेदन की स्ट्रैटेजी बना सकेंगे.
जामिया मिलिया इस्लामिया में सीयूईटी 2026 से मिलेगा एडमिशन
जामिया ने अपने ऑफिशियल नोटिफिकेशन में स्पष्ट किया है कि स्नातक स्तर के कई प्रमुख भाषा पाठ्यक्रमों (Language Courses) में एडमिशन सीयूईटी यूजी 2026 के अंकों के आधार पर दिया जाएगा. इसमें बीए (ऑनर्स) तुर्की भाषा और साहित्य, बीए (ऑनर्स) संस्कृत, बीए (ऑनर्स) फ्रेंच और फ्रैंकोफोन स्टडीज और बीए (ऑनर्स) स्पैनिश और लैटिन अमेरिकन स्टडीज जैसे कोर्स शामिल हैं. इन कोर्सेज के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी की सीयूईटी यूजी परीक्षा में शामिल होना जरूरी है.
